शुरू न्यूज़
राजस्थान में एक 13 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई क्रूर बलात्कार की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जिसके विरोध में बिलासपुर में नागरिक समाज ने आक्रोश व्यक्त किया है। आज शाम, बिलासपुर के देवकीनंदन चौक पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक एकजुट हुए और एक कैंडल मार्च निकालकर पीड़िता को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की। हाथों में मोमबत्तियां और “बेटियों को सुरक्षा दो”, “दोषियों को कड़ी सजा दो”, “राजस्थान की 13 साल की बेटी को न्याय दो” जैसे नारे लिखे पोस्टर लिए लोगों ने इस दर्दनाक घटना पर अपना विरोध दर्ज कराया।
कैंडल जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया और पीड़िता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस अवसर पर नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि ऐसी घटनाएं केवल राजस्थान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पूरे समाज के लिए शर्मनाक हैं। उन्होंने आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब समाज एकजुट होकर ऐसी वारदातों के खिलाफ आवाज उठाए और एक जागरूक समाज का निर्माण करे। वक्ताओं ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और उन्हें कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी जघन्य वारदात को अंजाम देने से पहले हजार बार सोचे।
कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहीं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका शुक्ला ने भावुक होकर कहा, “आज अगर हमारी बेटी सुरक्षित नहीं है, तो कल हमारा समाज भी सुरक्षित नहीं रहेगा। हमें चुप नहीं बैठना है। स्कूल, घर और समाज, हर जगह बेटियों को सुरक्षा और सम्मान देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाएंगे और बच्चों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक कर एक सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में काम करेंगे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड