शुरू न्यूज़
चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार की पहल अब रंग ला रही है। थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-22 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं और लोगों की लगातार शिकायतों को थाना प्रभारी ने गंभीरता से लिया था।
इसी क्रम में, थाना प्रभारी ने स्वयं स्थल निरीक्षण किया और संबंधित विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हंटरगंज पानी टंकी, बारहगंवामोड़, बाजार, डुमरी पंजाब नेशनल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों के कई संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया। इन ब्रेकरों से अब तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण होने लगा है; पहले जहां वाहन 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते थे, वहीं अब चालकों को अपनी गति धीमी करनी पड़ रही है। इस बदलाव से राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा बढ़ी है।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की रक्षा करना भी है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और स्पीड ब्रेकर के पास धीमी गति से वाहन चलाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी की इस जनहितकारी पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे समय की जरूरत बताते हुए कहा है कि इससे दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और बच्चों सहित आम लोगों की जान सुरक्षित रहेगी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि ऐसे पुलिस अधिकारी हर क्षेत्र में होने चाहिए, और यदि पुलिस इसी तरह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देकर काम करती रही, तो पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। थाना प्रभारी प्रभात कुमार की इस पहल को कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा का भी एक सराहनीय उदाहरण माना जा रहा है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड