शुरू न्यूज़
चांदन (बांका) के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित भैरोगंज बाजार में शनिवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ 22 वर्षीय विवाहिता और जीविका कर्मी प्रेमलता कुमारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और दो साल की मासूम बच्ची के सिर से माँ का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, प्रेमलता कुमारी भैरोगंज की जीविका सीसीएल-सीएम के रूप में कार्यरत थीं। वह शादियों में दुल्हनों का मेकअप कर परिवार की आर्थिक मदद भी करती थीं। परिजनों ने बताया कि शनिवार को वह जीविका के काम से बैंक भी गई थीं, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्होंने घर में फांसी लगाकर इतना बड़ा कदम उठा लिया। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रेमलता अपने पति पंकज कुमार यादव और दो वर्षीय बेटी के साथ भैरोगंज बाजार में अलग रहती थीं। घटना के समय उनके पति कार्यस्थल पर थे और घर लौटने पर उन्हें पत्नी के फंदे से लटके होने की जानकारी मिली।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और अपनी माँ को तलाशती मासूम बच्ची को देखकर गाँव के लोगों की आँखें भी नम हो गईं। पूरे भैरोगंज बाजार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था, न ही किसी पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन मिलने की पुष्टि हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जाँच के बाद ही मामले का वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड