शुरू न्यूज़
समस्तीपुर शहर को दो भागों में बांटने वाला जर्जर रेल ओवरब्रिज 5 जुलाई से पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और इसका मरम्मत कार्य शुरू होगा, जो आगामी 15 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि के दौरान पुल से किसी भी तरह के वाहन की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुल के बंद होने से उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक नया और विस्तृत ट्रैफिक रूट चार्ट जारी किया है।
सदर एसडीओ दिलीप कुमार और यातायात डीएसपी आशीष राज ने बताया कि यह ओवरब्रिज काफी पुराना हो चुका है और इसकी मरम्मत बेहद जरूरी है। मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द और तेज गति से पूरा करने के लिए पुल को पूर्णतया बंद करना अनिवार्य हो गया था। प्रशासन द्वारा 5 जुलाई से 15 अगस्त तक की समय सीमा इसी उद्देश्य से तय की गई है।
पुल बंद होने से शहर के दो हिस्सों में बंट जाने के कारण लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तैयार किए हैं। बेगूसराय और रोसरा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की व्यवस्था हाउसिंग बोर्ड मैदान में की गई है। वहीं, रोसरा की ओर से आने वाले और मुजफ्फरपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कन्हैया चौक से जितवारपुर बुल्लेचक रेलवे गुमटी पार कर महादेव चौक से होते हुए संत कबीर कॉलेज के रास्ते मोहनपुर रोड तक पहुँचने या सीधा एनएच 28 पर जाने का निर्देश दिया गया है। कलेक्ट्रेट और मोहनपुर की ओर रहने वाले लोगों को यदि समस्तीपुर कॉलेज की ओर जाना हो, तो वे अटेरन चौक रेलवे गुमटी से होते हुए सोनेलाल ढाला, सेंट पॉल स्कूल के रास्ते हसनपुर निकलेंगे। ताजपुर रोड और धर्मपुर क्षेत्र के लोगों को बाजार जाने के लिए धर्मपुर चौक होते हुए बाईपास सड़क पर पासवान चौक तक पहुंच कर, फिर मगरदही घाट के रास्ते अंदर बाजार में प्रवेश करने का मार्ग सुझाया गया है।
संभावित ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए प्रशासन ने अटेरन चौक रेलवे गुमटी पर वाहनों के फंसने की आशंका को देखते हुए रेलवे के साथ समन्वय स्थापित करने की योजना बनाई है, ताकि ट्रेन पास होने के बाद गुमटी को तुरंत खोला जा सके। सदर एसडीओ ने बताया कि नए मार्गों पर सिंगल रूट सिस्टम लागू किया जाएगा और सभी नए रूटों पर पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी ताकि बाहर से आने वाले वाहनों को कोई दिक्कत न हो। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करने और जिला प्रशासन को सहयोग करने की अपील की ताकि मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके और लोगों को कम से कम परेशानी हो।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड