शुरू न्यूज़
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के कमता से 22 मई 2026 को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 23 वर्षीय चालक गुलफान अहमद का 58 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस बीच, 18 जुलाई को पुलिस ने उनकी अर्टिगा कार (UP 53 AF 4894) बरामद कर ली है, लेकिन चालक का पता न चलने से मामला और भी गंभीर हो गया है। सुल्तानपुर जनपद के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानीपुर निवासी गुलफान अहमद 22 मई को कमता बस स्टैंड से कार लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए थे, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। इस संबंध में परिजनों ने 2 जून को चिनहट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जबकि वाहन स्वामी ने भी 25 मई को ही गोरखपुर में कार व चालक के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा लापता अर्टिगा कार बरामद किए जाने के बाद परिजनों ने दावा किया है कि गाड़ी के अंदर कई अलग-अलग नंबर प्लेटें भी मिली हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसी बीच, गुलफान के भाई महमूद को एक युवती का फोन आया था, जिसने अपने पति आदिल के साथ साहिल, तालिब और समीर के नाम लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस इन आरोपों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने समीर और तालिब को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसमें से तीन दिन बाद तालिब को छोड़ दिया गया है और समीर से पूछताछ अभी भी जारी है।
गुलफान का कोई सुराग न मिलने से उनकी मां पिछले 58 दिनों से आस लगाए बैठी हैं और पूरा परिवार बेहद चिंतित और बेचैन है। कमता पुलिस चौकी के प्रभारी अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराकर गुलफान अहमद का जल्द से जल्द पता लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि 58 दिन बाद कार तो मिल गई, लेकिन आखिर गुलफान अहमद कहां हैं।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड