नाबालिग छात्र-छात्रा से अभद्र व्यवहार मामले में मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार
– कुंदर बराज के समीप पुलिस से मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, सहयोगी भी घायल
– दोनों को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती, डीएम व एसडीपीओ ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
जमुई। टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव स्थित मुरली पहाड़ी के समीप नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के दौरान कुंदर बराज के समीप पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ की भी बात सामने आई है जिसमें मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि भागने के दौरान उसके सहयोगी हरेराम यादव के पैर में चोट लग गयी। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी नंदन यादव और उसके सहयोगी हरेराम यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में कार्रवाई तेज कर दी थी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के खिलाफ बालू और शराब तस्करी में भी संलिप्त रहने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इन मामलों में उसकी संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है।
बताते चलें कि बीते 19 सितंबर को टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव स्थित मुरली पहाड़ी के समीप स्कूटी से घूमने गये एक नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ एक दर्जन से अधिक युवकों द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार किये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और वीडियो में दिख रहे आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। सोमवार को पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि घटना का मुख्य आरोपी नंदन यादव फरार चल रहा था। मंगलवार को मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में कुंदर बराज के समीप पुलिस टीम का आरोपितों से सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस से बचकर भागने के दौरान उसके सहयोगी हरेराम यादव के पैर में चोट लग गयी। घायल दोनों आरोपितों को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम और एसडीपीओ भी सदर अस्पताल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड