शुरू न्यूज़
शनिवार को कोलायत पुलिस ने अपने आदर्श वाक्य “आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय” को साकार करते हुए मानवता का परिचय दिया। कपिल सरोवर तालाब में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान के लिए पुलिस ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव से दुर्गंध आने और संक्रमण फैलने की आशंका के चलते पुलिस ने नियमानुसार उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया।
वृताधिकारी संग्राम सिंह तथा थानाधिकारी जसवीर कुमार, पुलिस निरीक्षक के निर्देशन में एएसआई रोहिताश भारी, कांस्टेबल अनिल कुमार और राजूराम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए, ग्राम पंचायत कोलायत के प्रशासक, खिदमत समिति, राजकुमार खडगांवत जन सेवा संस्थान और समाजसेवी दिनेश सिंह भदोरिया के सहयोग से अज्ञात शव का पोस्टमार्टम करवाकर विधि-विधान से दाह संस्कार किया गया।
कोलायत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा की गई मृतक की फोटो एवं वीडियो देखकर किसी को उसकी पहचान होती है, तो वे तुरंत पुलिस थाना कोलायत से संपर्क करें ताकि मृतक की पहचान स्थापित कर उसकी मृत्यु के कारणों की जांच आगे बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर पुलिस ने समाज से भावुक अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने वृद्ध माता-पिता का सम्मान करें, उनकी देखभाल करें और समय-समय पर उनका हालचाल लेते रहें, ताकि भविष्य में किसी भी बुजुर्ग को इस प्रकार लावारिस स्थिति का सामना न करना पड़े। कोलायत पुलिस की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड