शुरू न्यूज़
मुरैना जिले के जौरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-3 में अवकाश के दिन निःशुल्क वितरण के लिए रखी गईं शासकीय पाठ्यपुस्तकों को विद्यालय से बाहर ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए किताबों को सुरक्षित रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अवकाश होने के बावजूद विद्यालय का ताला खोला गया और परिसर में रखी सरकारी किताबों को ई-रिक्शा में लोड किया जाने लगा। बताया जा रहा है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू शाक्य का पुत्र अपने एक साथी के साथ विद्यालय पहुंचा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों युवक विद्यालय की चाबी लेकर आए थे और उन्होंने स्कूल का ताला खोलकर किताबें बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ लोगों को यह गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में किताबों को ई-रिक्शा में रखते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। सूचना मिलते ही मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा, जिससे अधिकारियों में खलबली मच गई।
सूचना पर बीआरसी राजीव जादौन के निर्देश पर बीएसी रोहित श्रीवास तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ई-रिक्शा में रखी सभी शासकीय पुस्तकों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। मौके पर दो बच्चे और ई-रिक्शा चालक मौजूद मिले। इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनमें यह सबसे बड़ा सवाल है कि अवकाश के दिन विद्यालय की चाबी बच्चों तक कैसे पहुंची और किताबों के स्थानांतरण की जानकारी विद्यालय प्रबंधन या शिक्षा विभाग को क्यों नहीं थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि वीडियो नहीं बनता तो इन किताबों को कहां ले जाया जाता, इसका पता लगाना मुश्किल होता।
बीआरसी राजीव जादौन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी कर्मचारी, अधिकारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि पुस्तकों को किसी वैध उद्देश्य से ले जाया जा रहा था या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड