शुरू न्यूज़
पश्चिम चंपारण पुलिस ने 15 वर्षीय छात्र सोनू कुमार के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में इस घटना की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 जून की शाम कंगली थाना क्षेत्र के इनरवा निवासी शारदा देवी ने अपने 15 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के स्कूल से घर न लौटने की सूचना दी थी। इसके बाद, 1 जुलाई की रात दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर समशुल अंसारी सहित 18 लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी समशुल अंसारी उर्फ पोगिया ने बताया कि उसका मृतक की छोटी बहन से प्रेम संबंध था, लेकिन हाल ही में युवती किसी अन्य युवक से बात करने लगी थी, जिससे वह नाराज था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और सोनू कुमार के विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच दी।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को स्कूल से लौटते समय सोनू कुमार को श्मशान के पास रोककर बातचीत में उलझाया गया। जब उसके साथ मौजूद अन्य बच्चे वहां से चले गए, तब आरोपियों ने उसे बेहोश कर दिया और मोटरसाइकिल से रक्सौल के तिलावे नदी के पास स्थित बांसवारी में ले जाकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने की नियत से शव को तिलावे नदी में फेंक दिया गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में समशुल अंसारी उर्फ पोगिया, मुस्लिम अंसारी, अजय कुमार उर्फ सागर और साहिल कुमार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड