नकली सोने की ईंट और साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
डीग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53 लाख 39 हजार 500 रुपये, पीतल की ईंट, मोबाइल व 10 एटीएम कार्ड जब्त
अमरदीप सेन | डीग।
पुलिस अधीक्षक डीग श्री शरण गोपीनाथ के. IPS के निर्देशन में जिले में साइबर ठगों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन एंटीवायरस” के तहत थाना जुरहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सोने की ईंट बेचने और साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से साइबर ठगी से अर्जित 53 लाख 39 हजार 500 रुपये, सोने जैसी दिखने वाली पीतल की ईंट, एक छैनी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड, 10 एटीएम कार्ड तथा साइबर ठगी से खरीदी गई एक हैरियर गाड़ी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित तरीके से गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को सस्ते दामों में असली सोने की ईंट बेचने का झांसा देते थे। गिरोह के सदस्य पहले फोन अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से संभावित शिकार से संपर्क करते और उसे विश्वास में लेकर सोने की ईंट का सैंपल दिखाते थे। इसके बाद बड़ी रकम लेकर नकली पीतल की ईंट थमा देते थे।
अलग-अलग राज्यों में बनाते थे लोगों को निशाना
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य राजस्थान के अलावा हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। गिरोह में प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई थी। कोई व्यक्ति फोन पर पार्टी को अपने जाल में फंसाता था तो कोई दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर सोने की ईंट का सैंपल दिखाने और सौदा तय करने का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगी के साथ-साथ सेक्सटॉर्शन के जरिए भी लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर महंगी कीमतों में पुरानी मुद्रा खरीदने और बेचने के विज्ञापन डालकर भी लोगों को अपने झांसे में लेते थे।
53.39 लाख रुपये और अन्य सामान बरामद
थाना जुरहरा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से साइबर ठगी से अर्जित कुल 53,39,500 रुपये बरामद किए। इसके साथ ही सोने जैसी दिखाई देने वाली पीतल की ईंट, एक छैनी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन मय एक सिम कार्ड और 10 एटीएम कार्ड जब्त किए गए। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई हैरियर गाड़ी को भी जब्त किया है।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सैकुल पुत्र साहब खां (35), निवासी भण्डारा थाना जुरहरा; फकरूद्दीन पुत्र जुम्मा (35), फारूख खान पुत्र अतर खां (23), दोनों निवासी बिरगमा थाना नगर; यूसुफ पुत्र दीनू (30), निवासी नन्देरा थाना कामां तथा साकिर पुत्र कमरू (25), निवासी भण्डारा थाना जुरहरा, जिला डीग को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा साइबर ठगी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड