शुरू न्यूज़
बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली ग्राम सभा के टेकारी गांव में गुरुवार की शाम अंधविश्वास का सहारा लेकर एक शातिर ठग ने एक परिवार से करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। आरोपी ने खुद को उच्चेड़ा चंडी माता मंदिर के महंत का पुत्र बताते हुए घर में प्रवेश किया और बीमार बहू के गहनों पर “भूत-प्रेत का साया” होने की बात कहकर पूरे परिवार को अपने झांसे में ले लिया।
टेकारी निवासी छोटक सिंह के घर पहुंचे ठग ने पहले परिवार से चावल मंगवाए और छोटक सिंह को बहू के कमरे में रखने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने चूना और गंगाजल मंगवाकर सास-ससुर के हाथ पर लगाया, लेकिन कोई परिवर्तन नहीं हुआ। जब वही चूना बहू प्रियंका सिंह के हाथ पर लगाया गया तो उसका रंग लाल हो गया, जिसे ठग ने भूत-प्रेत का प्रभाव बताते हुए परिवार को भयभीत कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि बहू के सभी आभूषणों का मंत्रोच्चार के साथ शुद्धिकरण करना आवश्यक है, तभी बीमारी और बाधाएं दूर होंगी। उसकी बातों में आकर बहू प्रियंका सिंह ने अपने सभी सोने-चांदी के आभूषण उसे सौंप दिए।
आरोप है कि इसी दौरान ठग ने परिवार के सदस्यों को कोई संदिग्ध केमिकल सुंघा दिया, जिससे वे कुछ देर के लिए असहज हो गए। मौके का फायदा उठाकर आरोपी करीब आठ लाख रुपये मूल्य के गहने लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों को होश आया तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित छोटक सिंह ने गड़वार थाने में घटना की लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर अंधविश्वास के नाम पर कीमती सामान न सौंपें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड