शुरू न्यूज़
बिहार के मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कोडीन सिरप और विदेशी मुद्रा की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर तीन अभियुक्तों—ब्रह्मदेव कुमार राम (निवासी पिपराही), बब्लू कुमार चौधरी (निवासी खाजेडीह) और शम्भू प्रसाद साह (निवासी पिपराही) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप और विभिन्न देशों की वैध व अवैध मुद्राएं बरामद की गई हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात को लदनियां थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम ठाढ़ी से कड़हरवा होते हुए एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर कोडीन सिरप लेकर ग्राम गाढ़ा की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कड़हरवा में घेराबंदी की और मोटरसाइकिल पर भागने का प्रयास कर रहे ब्रह्मदेव कुमार राम को सड़क पर दबोच लिया। ब्रह्मदेव के पास से 19 लीटर कोडीन सिरप और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके विश्लेषण में पैसों के अवैध लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। पूछताछ में ब्रह्मदेव ने खुलासा किया कि उसने यह सिरप खाजेडीह चौक स्थित बब्लू मेडिकल हॉल से खरीदा था और वह पिपराही के शम्भू प्रसाद साह के साथ मिलकर इस अवैध धंधे में पैसा लगाता है और मुनाफा बांटता है।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बब्लू मेडिकल हॉल पर छापा मारकर बब्लू कुमार चौधरी को पकड़ लिया। बब्लू ने स्वीकार किया कि वह और उसका भाई दीपक कुमार चौधरी मिलकर इस दुकान के जरिए कोडीन सिरप की खरीद-बिक्री करते हैं। पुलिस ने वहां से 0.9 लीटर कोडीन सिरप, एक मोबाइल और 20,000 भारतीय रुपये जब्त किए। इसके बाद पुलिस ने शम्भू प्रसाद साह की पिपराही स्थित दुकान पर छापा मारा, जहां से पुलिस को भारी मात्रा में विदेशी और भारतीय मुद्राएं बरामद हुईं।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 19.9 लीटर कोडीन सिरप, 11,42,100 नेपाली रुपये, 750 नकली नेपाली रुपये, 5,33,101 भारतीय रुपये, सउदी अरब के 6 रियाल, यूएई का 5 दिरहम का एक नोट, 2 एंड्रॉइड मोबाइल और 1 कीपैड मोबाइल जब्त किया है। लदनियां थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है। इस कार्रवाई की जानकारी मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार द्वारा दी गई है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड