बस्ती जनपद में हरैया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक सक्रिय अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि गिरोह के कुल पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से साढ़े सात लाख रुपये के कीमती आभूषण और चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर इस बड़ी सफलता का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बभनान रोड पर घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से वे गिर पड़े। इस दौरान आरोपी सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसकी जवाबी कार्रवाई में सुजीत के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पूछताछ में पता चला कि ये शातिर अपराधी सीतापुर से मजदूरी करने के बहाने बस्ती और आसपास के जिलों में आते थे। ये दिन में रेकी करते और रात के अंधेरे में एक ही इलाके के कई घरों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है, जो सभी सीतापुर जनपद के रहने वाले हैं। इन्होंने हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 33 ग्राम सोना, 1.2 किलो चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, चार एंड्रॉयड फोन और 32,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने हरैया पुलिस और स्वाट टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड